मंडावर। सभा में वक्ताओं ने कहा यदि पुलिस ने गैस एजेंसी के साथ मिलकर उपभोक्ता के खिलाफ दर्ज झूठे मुकदमे को शीघ्र खारिज नहीं किया तो उपभोक्ता गैस एजेंसी संचालक के साथ ही पुलिस के खिलाफ भी आंदोलन शुरू करेंगे। भाकियू भी आंदोलन को समर्थन करेगी।
गैस उपभोक्ता सुदेशना देवी ने भारत गैस के एजेंसी के स्वामी पर गैस वितरण में धांधली का आरोप लगाकर संबंधित कंपनी के अफसरों से जांच कराने की मांग की थी। आरोप है कि एजेंसी स्वामी ने पुलिस से हमसाज होकर शिकायतकर्ता के खिलाफ ही पुलिस में मुकदमा लिखवा दिया।
गैस एजेंसी की तरफ से उपभोक्ता के खिलाफ केस दर्ज किए जाने के विरोध में उपभोक्ता एकजुट हो गए और शुक्रवार को सभा की। इसमें वक्ताओं ने एजेंसी स्वामी पर कनेक्शन राशि अधिक वसूलने, होम डिलीवरी नहीं करने, कनेक्शन ट्रांसफर करने के बदले रिश्वत मांगने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया।
सभा में पहुंचे भाकियू के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा यदि पुलिस उपभोक्ता के खिलाफ झूठे मुकदमे वापस नहीं लेगी तो उपभोक्ता एजेंसी संचालक के साथ ही पुलिस के खिलाफ भी आंदोलन चलाया जाएगा। इस आंदोलन में भाकियू पूरा समर्थन करेगी। इसमें दिगंबर सिंह, करन सिंह, जयपाल सिंह, पिंकी राजपूत, महेंद्र सिंह, जयप्रकाश, नौशाद अहमद आदि मौजूद रहे। उधर, गैस एजेंसी के स्वामी जेपी सिंह ने गैस वितरण में कालाबाजारी के आरोपों को गलत बताया है।