बिजनौर। माध्यमिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में कक्षा नौ एवं कक्षा 11 की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी माह के अंतिम व फरवरी माह के प्रथम सप्ताह में आयोजित की जाएंगी। यूपी बोर्ड परीक्षाओं से पहले परीक्षाएं कराने की तैयारी की जा रही है।
जनपद में 414 राजकीय विद्यालय, सहायता प्राप्त विद्यालय और वित्तविहीन हाईस्कूल, इंटरमीडिएट विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में लाखों विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। यूपी बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से आरंभ होंगी। परीक्षाओं के लिए जनपद में 119 परीक्षा केंद्र भी निर्धारित किए गए हैं। बोर्ड परीक्षाओं से पहले अन्य कक्षाओं की परीक्षा कराने की तैयारी की जा रही है। माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए वार्षिक परीक्षाओं को लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश प्रयागराज द्वारा दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परिषद के सचिव भगवती सिंह के आदेश के क्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरन यादव ने जनपद के समस्त प्रधानाचार्यों को परीक्षाओं के आयोजन संबंधी आवश्यक निर्देश प्रदान किए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार कक्षा 9 एवं कक्षा 11 की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी 2026 के अंतिम सप्ताह तथा फरवरी 2026 के प्रथम सप्ताह में आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं का आयोजन विद्यालय स्तर पर प्रधानाचार्यों द्वारा किया जाएगा। इसमें पाठ्यक्रम के अनुसार प्रश्नपत्र तैयार कर परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।