अफजलगढ़ के भज्जावाला निवासी बाहरे आलम से साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड रिवार्ड के नाम पर 98,500 रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अफजलगढ़। साइबर ठगों ने गांव भज्जावाला निवासी एक व्यक्ति से क्रेडिट कार्ड के रिवार्ड प्वाइंट एक्टिवेट करने के नाम पर लिंक भेजकर और ओटीपी डलवाकर 98 हजार 500 रुपये खाते से निकाल लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विज्ञापन
गांव भज्जावाला निवासी बाहरे आलम पुत्र मोहम्मद याकूब ने बताया कि आठ सितंबर को शाम करीब पांच बजे उसके पास एक काॅल आई। काॅल करने वाले ने कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड के रिवार्ड प्वाइंट एक्टिवेट होना है। इसके बाद ठग ने उसके पास एक लिंक भेजा, जिसमें उसके कार्ड की सारी डिटेल पहले से ही भरी हुई थी।
इसके बाद साइबर ठग ने उससे ओटीपी डालने के लिए कहा। पीड़ित का कहना है कि उसके ओटीपी डालते ही उसके खाते से 98 हजार 500 रुपये निकाल लिए गए। मेसेज आने पर उसके ठगी होने का पता लगा। सीओ आलोक सिंह का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।