96 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने दी कंपार्टमेंट परीक्षा
बिजनौर। जिले में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल तथा इंटर कंपार्टमेंट की परीक्षा में 96 प्रतिशत से अधिक परीक्षार्थी उपस्थित रहे। इंटर की परीक्षा अधिक परीक्षार्थियों ने दी। कोरोना के कारण सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या अधिक थी। जिला मुख्यालय पर तीन केंद्र बनाए गए थे।
हाईस्कूल की परीक्षा प्रथम पाली में राजकीय इंटर कॉलेज केंद्र पर थी। परीक्षा में पंजीकृत 160 परीक्षार्थियों में से 154 मौजूद रहे। इंटर की परीक्षा के लिए बने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज केंद्र पर पंजीकृत 341 परीक्षार्थियों में से 336 तथा आरजेपी केंद्र पर पंजीकृत 321 परीक्षार्थियों में से 310 उपस्थित रहे। परीक्षा दूसरी पाली में हुई है। सिटिंग प्लान में सोशल डिस्टेंसिंग का भी ध्यान रखा गया है। एक कक्ष में अधिकतम 20 परीक्षार्थी बैठाए गए थे। परीक्षार्थियों व कक्ष निरीक्षकों को थर्मल स्क्रिनिंग के बाद ही प्रवेश दिया गया। राजेश कुमार जिला विद्यालय निरीक्षक ने कक्षों में जाकर परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था को देखा। बताया कि हाईस्कूल के 154 तथा इंटर के 646 अर्थात कुल 800 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी है। मात्र 29 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे है।