‘लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ होगी कार्रवाई’
बिजनौर। शासन की ओर से नामित जिले के नोडल अधिकारी पंकज कुमार ने सभी विभागों के अधिकारियों को कर वसूली में तेजी लाने के आदेश दिए। लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।
नोडल अधिकारी ने विकास भवन में हुई बैठक में कहा कि जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जाता है। कहा कि शासकीय सेवा में अब वही अधिकारी एवं कर्मचारी रहेंगे जो कार्य करने में रुचि रखते हों। कामचोर और भ्रष्ट अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए शासकीय सेवा के द्वार बंद कर दिए गए हैं। सीएमओ को योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के निर्देश दिए। आशाओं का भुगतान समय पर नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए समय से भुगतान कराने को कहा। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग सहित जिन विभागों द्वारा विभागीय लक्ष्यों को शत प्रतिशत पूरा नहीं किया गया है, इस बार पुनरावृत्ति होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके विरुद्ध शासन को लिखा जाएगा। उन्होंने बीएसए से स्कूलों में यूनिफॉर्म, पुस्तक, जूतों के वितरण के बारे में जानकारी भी प्राप्त की। डीएफओ के बैठक में अनुपस्थित होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका स्पष्टीकरण मांगने के लिए डीएम से कहा। नोडल अधिकारी द्वारा बेसिक शिक्षा, पौष्टिक आहार योजना, स्वास्थ्य विभाग के तहत विभागीय निर्माण के अपूर्ण कार्य के अलावा जननी सुरक्षा योजना में लाभार्थियों को भुगतान, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, बाल स्वास्थ्य गारंटी योजना, नियमित टीकाकरण योजना, परिवार नियोजन योजना, लोनिवि में 50 लाख से अधिक लागत की सड़क निर्माण में पूर्ण परियोजनाओं की प्रगति, जल निगम की पाइप पेयजल योजना की प्रगति, छात्रवृत्ति, कृषि, सिंचाई, गन्ना, लोनिवि, महिला एवं शिशु विकास कल्याण सहित अन्य विभागों की कार्यो की बिंदुवार समीक्षा की। बैठक में डीएम अटल कुमार राय, एसपी उमेश कुमार सिंह, सीडीओ प्रवीण मिश्र, एडीएम वित्त एवं राजस्व अवधेश मिश्रा, सीएमओ डा.राकेश मित्तल आदि अधिकारी मौजूद रहे।