मार्ग दुर्घटना में कांवड़ियों सहित छह घायल
नजीबाबाद/मंडावली। हरिद्वार गंगा जल लेने जा रहे ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार एक महिला सहित चार कांवड़िये घायल हो गए। घायलों को मंडावली पुलिस ने सीएचएसी नजीबाबाद में उपचार दिलाया।
रामपुर जनपद से गंगा जल लेने के लिए कांवड़ियों का एक जत्था ट्रैक्टर ट्रॉली से हरिद्वार जा रहा था। भागूवाला के निकट वालिया रिजॉर्ट्स क्षेत्र में एक डीसीएम ने ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार बसी नगर रामपुर निवासी दर्शन की पत्नी देववती, सहकरी निवासी विकास, ननकार रामपुर निवासी अमित, पीपरिया रामपुर निवासी देवेंद्र घायल हो गए। घायलों को सीएचसी नजीबाबाद में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। विकास की हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। उधर मजीदगंज नजीबाबाद निवासी कमलेश और बबीता बाइक की टक्कर से घायल हो गए। मालगोदाम तिराहे पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से नजीबाबाद थाने के सराय चौकी प्रभारी गजेंद्र सिंह राणा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल दरोगा को उपचार के लिए स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।