प्रतिबंध के बावजूद बिक रहा व्हाइटनर
बिजनौर। फ्लूड यानी व्हाइटनर स्कूली बच्चों को नशे की जद में धकेल रहा है। प्रतिबंध के बावजूद दुकान इसको खुलेआम बेच रहे हैं। इससे बच्चों का जीवन बर्बाद होने के कगार पर है। इस मामले की शिकायत डीएम से की गई है। डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए डीआई को मामले की जांच करने के आदेश दिए हैं।
फ्लूड को आमतौर पर पैन का लिखा हुआ रफ करने के लिए प्रयोग किया जाता है, लेकिन स्कूली बच्चे इसे सूंघ कर नशे के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। दुकानदार थोड़े से लालच के चक्कर में बच्चों को इसे बेच रहे हैं। अभिभावक भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में कामेश देवी ने बताया कि जनपद में कुछ दुकानों प्रतिबंध के बावजूद फ्लूड यानी व्हाइटनर की धड़ल्ले से बिक्री की जा रही है। पढ़ने वाले बच्चे इसे सूंघकर नशा की लत में पड़ रहे हैं। इससे बच्चों का भविष्य खतरे में है। डीएम से शिकायत कर ऐसे दुकानदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है। डीएम ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआई को जांच के आदेश दिए हैं। डीआई आशुतोष मिश्रा ने बताया कि प्रतिबंध दवा अथवा नशीली कोई भी चीज बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।