वेब ग्रुप के कारोबार की किसानों ने शुरू की रेकी
बिजनौर। वेब ग्रुप के अधिकारियों की ओर से मिल चलाने से साफ इनकार करने के बाद भाकियू ने ग्रुप पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। जिले में ग्रुप के कारोबार को चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया गया है। आसपास के जिलों की कार्यकारिणी से भी वेब ग्रुप के कारोबार की रेकी करने को कहा गया है।
वेब ग्रुप मिल चलाने को लेकर शासन व किसानों के सामने कोई समझौता करने को तैयार नहीं दिख रहा है। बृहस्पतिवार को वेब ग्रुप के अधिकारियों ने भाकियू के साथ बैठक में चांदपुर व बिजनौर मिल चलाने से साफ इनकार कर दिया। अधिकारियों के बुलाने के बाद भी वे किसानों के पास नहीं गए। किसानों ने पहले ही मिल न चलने पर वेस्ट यूपी मेें वेब ग्रुप के कारोबार पर कब्जा करने की घोषणा कर रखी है। जिले में ग्रुप के कारोबार को चिह्नित करना शुरू कर दिया है। जिले के संगठनों को भी वेब ग्रुप के कारोबार की रेकी करने के बारे में कहा गया है। किसानों का कहना है कि जिले में वेब ग्रुप की शराब की कई दुकान, गोदाम, मॉडल शॉप हैं। इसके अलावा ग्रुप द्वारा धामपुर क्षेत्र में करीब 30 एकड़ जमीन में मत्स्य पालन किया जा रहा है। नजीबाबाद क्षेत्र में ग्रुप की सैकड़ों बीघा जमीन है। भाकियू द्वारा तीन अगस्त की पंचायत में इन सब पर कब्जा करने की घोषणा की जा सकती है। इसके अलावा जिले से ही प्रदेश स्तर का आंदोलन चलाए जाने की योजना बनाई जा रही है। तीन अगस्त को होने वाली पंचायत में राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत या राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत शामिल हो सकते हैं।
भाकियू के जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह के अनुसार जो ग्रुप चीनी मिल नहीं चलाएगा उसका कोई भी कारोबार प्रदेश में नहीं चलने दिया जाएगा। जो किसानों का नुकसान करेगा उसके सभी कारोबार बंद करा दिए जाएंगे।