नजीबाबाद । किसान सहकारी चीनी मिल के गन्ना किसानों ने चीनी मिल की ओर से गन्ना पर्ची में कटौती में रोष व्यक्त किया। किसानों की ओर से चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक और मुख्य गन्ना अधिकारी को पत्र भेजकर मिल गेट की गन्ना समस्या तत्काल हल कराने की मांग की है।
किसान सहकारी चीनी मिल नजीबाबाद के गन्ना क्षेत्र के जन प्रतिनिधि किसानों सहित अनेक किसानों ने चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक दानवीर सिंह, मुख्य गन्ना अधिकारी एसएस ढाका से मिलकर किसानों की गन्ना सप्लाई समस्या से अवगत कराया। बीरूवाला के पूर्व प्रधान साहब सिंह का कहना था कि चीनी मिल की ओर से गन्ना पर्ची में कटौती किए जाने से किसानों का गन्ना खेतों में सूख रहा है। किसानों को कम रेट पर गन्ना क्रेशरों पर बेचने को विवश होना पड़ रहा है। मथुरापुर मोर, बीरूवाला, बिजौरी सहित आसपास के क्षेत्रों के किसान प्रतिनिधियों ग्राम प्रधान अवतार सिंह, निर्मल सिंह, पूर्व प्रधान साहब सिंह, अमरीक सिंह, सर्वजीत सिंह, गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान हरपिंदर सिंह, अंग्रेज सिंह, सुखपाल सिंह, दलजीत सिंह, जगदेव सिंह, परमजीत सिंह, जसपाल सिंह ने चीनी मिल प्रशासन से किसानों की मानसिक परेशानी को दूर करने के लिए अगली गन्ना पर्ची काटकर आखिरी पर्ची जारी करने की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं हुआ तो किसानों को विरोध आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा।