धामपुर (बिजनौर)। पशुपालन विभाग की ओर से 30 अप्रैल तक ब्लाक क्षेत्र के सभी 143 गांवों के 72 हजार पशुओं को खुरपका और मुंहपका रोग निरोधक टीकाकरण होगा। यह टीकाकरण सरकार की ओर से निशुल्क होगा।15 मार्च से शुरू हुए इस अभियान के तहत अब तक आठ हजार पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है।
पशुपालन विभाग के उप मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि सरकार की ओर से साल में दो बार पशुओं को खुरपका और मुंहपका रोग निरोधक टीकाकरण कराया जाता है। टीकाकरण फ्री में होता है। पशुपालकों को केवल टीकाकरण में लगे कर्मचारियों का अपेक्षा से ज्यादा सहयोग करना है। ब्लाक धामपुर में 143 गांवों में 72 हजार पशु है, जिनमें 26018 पशु गोवंशीय और 44982 पशु भैंस वंशीय है। विभाग की ओर से इन सभी पशुओं को मुंहपका और खुरपका रोग से निजात दिलाने को टीकाकरण किया जा रहा है। यह अभियान 30 अप्रैल तक चलना है। 15 मार्च से यह अभियान चालू हुआ है। अब तक आठ हजार पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। इनमें 3109 पशु गोवंशीय और 4097 पशु भैंस वंशीय है। पशुपालकों से सभी पशुओं का टीकाकरण कराने का सुझाव दिया है। मई माह से गलघोंटू निरोधक टीकाकरण अभियान शुरू होगा।
डिप्टी सीवीओ ने बताया कि सरकार की ओर से यह सभी कार्यक्रम निशुल्क है। इसमें किसी भी पशुुपालक को टीम में शामिल कर्मचारियों को कोई पैसा नहीं देना है।