भागूूवाला । मुजाहिदा पट्टी भागूवाला में रिक्त चल रही सरकारी सस्ता गल्ला की दुकान के प्रस्ताव के लिए पंचायत घर भागूवाला पर खुली बैठक आयोजित हुई। राशन उपभोक्ताओं का कोरम पूरा नहीं होने के कारण मीटिंग स्थगित कर दी गई।
मुजाहिदा पट्टी में संचालित वसीम की सरकारी सस्ता गल्ला की दुकान करीब सात माह पहले अनियमितताओं के चलते निलंबित कर दी गई थी। उपभोक्ता हित में इस दुकान को भागूवाला में एक अन्य डीलर की दुकान से संबद्ध कर दिया गया था। मुजाहिदा पट्टी में नए सिरे से दुकान आवंटन के प्रस्ताव के लिए एसडीएम के आदेश पर मंगलवार सुबह पंचायतघर पर खुली बैठक आयोजित की गई थी। ग्राम प्रधान डॉ. मो.अय्यूब की अध्यक्षता और ग्राम पंचायत सचिव नीरज शर्मा के संचालन में आयोजित बैठक में 15 ग्राम पंचायत सदस्यों में से केवल तीन ही सदस्य मुस्तकीम, अनीस व निजुमाद्दीन ही शामिल हुए। जबकि राशन उपभोक्ताओं का भी आवश्यक कोरम पूरा नहीं हो सका। जिसके चलते खुली बैठक औपचारिक बनकर रह गई। पंचायत सचिव ने बताया कि राशन की दुकान के प्रस्ताव के लिए 25 मार्च को दोबारा खुली बैठक आयोजित की जाएगी।