अमर उजाला ब्यूरो
बरुकी/नगीना।
ग्राम शादीपुर निवासी एक व्यक्ति की बुखार से चंडीगढ़ में मौत हो गई। व्यक्ति की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, नगीना में भी ट्रांसपोर्टर की 40 वर्षीय पत्नी की भी बुखार से मौत हो गई।
कोतवाली देहात के गांव ग्राम शादीपुर निवासी हाशम अहमद (48) कई सालों से अपने पुत्र सलमान के साथ चंडीगढ़ में रहकर पेंटर का काम करता था। सलमान के मुताबिक उसके पिता को करीब एक सप्ताह पहले बुखार आया था। तभी से वह उनका इलाज चंडीगढ़ स्थित निजी अस्पताल में करा रहे थे। इसी दौरान उनकी प्लेटलेट्स कम होने लगी थी। सोमवार की रात हाशम की हालत और बिगड़ गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हाशम की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। मंगलवार की सुबह शव गांव लाया गया।
वहीं, नगीना के मोहल्ला विश्नोई सराय निवासी ट्रांसपोर्टर सुनील विश्नोई की पत्नी सुरेखा (40) को करीब तीन दिन पूर्व से बुखार आ रहा था। उसका इलाज एक निजी चिकित्सक के यहां चल रहा था। रविवार की शाम अचानक हालत बिगड़ने पर उन्हे उपचार के लिए मेरठ ले जाया गया था। वहां भी हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें उपचार के लिए दिल्ली ले गए। दिल्ली के एक निजी अस्पताल में सोमवार की रात उनकी मौत हो गई। मंगलवार की सुबह शव नगीना पहुंचने परिवार में शोक की लहर छा गई। निवर्तमान चेयरमैन शेख खलीलुर्रहमान, केशव दीक्षित, खालित निसार, खुर्शीद कुरैशी, अभिषेक मिश्रा, चौधरी दिग्विजय सिंह आदि ने परिवार को सांत्वना दी।