नजीबाबाद । पुत्र का इलाज कराने पहुंचे एक भाजपा नेेता ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक नहीं मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की लचर व्यवस्थाओं का विरोध किया। सीएमओ और एसडीएम मौके पर पहुंचे। सीएमओ ने पीएचसी और सीएचसी समीपुर की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का आश्वासन दिया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नजीबाबाद में शुक्रवार को भाजपा नेता चौधरी ईशम सिंह अपने बेटे अभय प्रताप का इलाज कराने पहुंचे। स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक नहीं होने और मरीजों के परेशान होने पर भाजपा नेता ने जिले के आला अधिकारियों और एसडीएम को चिकित्सक विहीन स्वास्थ्य केंद्र की जानकारी दी। सूचना मिलने पर भाजपा नेता विक्रांत चौधरी, बिंदू सराफ, अरविंद शर्मा, संजीव अग्रवाल, संदीप तायल, अभिषेक यादव, इसरार अहमद, ओपी अकेला कई नेता अस्पताल पहुंच गए। भाजपाइयों के विरोध के चलते बिजनौर से सीएमओ डॉ. राकेश मित्तल, डिप्टी सीएमओ डॉ. पीआर नायर, डीएमओ डॉ. ब्रजभूषण पीएचसी पहुंचे। भाजपा नेताओं ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. संदीप पर कार्य के बढ़ते दवाब और कुछ चिकित्सकों की लापरवाही से सीएमओ को अवगत कराया। भाजपा नेताओं भागूवाला और नांगल स्वास्थ्य केंद्र पर भी चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने की शिकायत की। सीएमओ ने भाजपा नेताओं को जल्द पीएचसी और सीएचसी की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करने का आश्वासन दिया।