बिजनौर। जिले के खाद्य कारोबारी अपना रजिस्ट्रेशन कराने और बड़े कारोबारी लाइसेंस बनवाने में खासी रुचि ले रहे हैं। एक साल में करीब 200 लोगों ने कारोबार करने के लिए लाइसेंस बनवाए हैं, जबकि लगभग 6300 लोगों ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के कार्यालय में रजिस्ट्रेशन कराया है। जिले में अब लगभग 850 लाइसेंस धारक हो गए हैं, इनमें 125 मीट कारोबारी शामिल हैं।
जिला अभिहीत अधिकारी पंकज कुमार के अनुसार सालाना 12 लाख रुपये तक की टर्न ओवर करने वाले कारोबारियों को रजिस्ट्रेशन और इससे अधिक आय वाले कारोबारियों को लाइसेंस बनवाने की जरूरत होती है। शासन के निर्देश पर कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। शासन की मंशा है कि अधिक से अधिक संख्या में लोग रजिस्ट्रेशन कराकर अथवा लाइसेंस बनवाकर ही नियमानुसार खाद्य और पेय पदार्थों की बिक्री करें। अभी हाल ही में होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, मिष्ठान विक्रेताओं आदि को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से प्रशिक्षण दिया गया है।