बाइक सवार बदमाशों ने चिकित्सक को लूटा
नहटौर। दिन ढहलते ही बाइक सवार बदमाशों के आतंक से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है ।एक चिकित्सक के साथ चार बाइक सवार बदमाशों ने लूटपाट के दौरान विरोध पर मारपीट करते हुए घायल कर दिया। बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल चिकित्सक को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है । पुलिस को तहरीर दे दी है ।
गांव कश्मीरी निवासी टीकम उर्फ मिंटू गांव गिलाड़ा में क्लीनिक चलाता है। बीती रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद करके बाइक से घर लौट रहा था।बताया जाता है कि ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के पास घात लगाए चार बाइक सवार बदमाशों ने डंडा मारकर उसे रोक लिया। उससे चार हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर मारपीट करते हुए पुलिस को बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए दो बाइकों पर बैठकर फरार हो गए । छह दिन पूर्व मोहल्ला चौधरियान में सराफ जय प्रकाश की दुकान से शाम के समय दो बाइक सवार बदमाश दो सोने की चैन लूटकर फरार हो गए। बदमाशों के आतंक से दुकानदारों में हड़कंप मच हुआ है ।नगर में दुकान करने वाले लोग बदमाशों के आतंक से भयभीत है ।कोतवाल जीत सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है ।