चांदपुर मिल के प्रबंधक, गन्ना निरीक्षक व सेंटर इंचार्ज तलब
बिजनौर। सिविल जज जूनियर डिवीजन एफटीसी अंकिता धामा ने धोखाधड़ी के आरोप में चांदपुर चीनी मिल के प्रबंधक, गन्ना निरीक्षक व सेंटर इंचार्ज को न्यायालय में सुनवाई के लिए 26 फरवरी को तलब किया है।
थाना हल्दौर के गांव सल्लाहपुर निवासी 96 वर्षीय शीशराम ने अदालत में दाखिल परिवाद में कहा था कि वह पीबीएस फूड शुगर प्राइवेट लिमिटेड चांदपुर मिल को गन्ना सप्लाई करता है। साल 2015-16 में उसने 154 पर्चियों से मिल में गन्ना डाला था। 109 पर्चियों का भुगतान मिल ने कर दिया, लेकिन मार्च व अप्रैल 2016 में मिल द्वारा जारी की गई ढाई लाख मूल्य की 45 पर्चियों का भुगतान मिल ने नहीं दिया। गन्ना सेंटर पर तौल क्लर्क यशवीर सिंह को दिया गया था। शिकायत करने पर गन्ना सेंटर के गन्ना निरीक्षक रामवीर सिंह ने पांच पर्चियां भुगतान हेतु उससे ले लीं पर उनका भुगतान भी नहीं किया। मुख्य प्रबंधक इसरार अहमद के पास जाने के बाद भी उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। तीन अगस्त 2016 को उसके घर पर आकर मुख्य प्रबंधक इसरार अहमद, गन्ना निरीक्षक रामवीर सिंह व तौल क्लर्क यशवीर सिंह ने उसके साथ धक्का मुक्की व अभद्र व्यवहार किया। अधिवक्ता हरेंद्रपाल सिंह के अनुसार तीनों आरोपियों को अदालत ने तलब किया है।