जलालाबाद। रोजमर्रा के पानी से वंचित अठारह परिवारों को जल्द ही नगर पंचायत स्तर से जलापूर्ति हो सकेगी। नागरिकों द्वारा समस्या से अवगत कराने पर नगर पंचायत द्वारा आबादी के बीच करीब 35 फिट पेयजल पाइप लाइन बिछाई गई।
नगर पंचायत जलालाबाद के मोहल्ला कचहरी सरास और पासबान के बीच कुछ जगहों पर नगर पंचायत की भूमिगत पाइप लाइन न पहुंचने से करीब अठारह परिवार सरकारी जलापूर्ति से वंचित थे। ये परिवार हैंडपंपों अथवा अन्य परिवारों से पानी लेने पर विवश थे। क्षेत्रवासियों इशरत जमाल, इरफान, इजहार, गामा आदि ने चेयरपर्सन पति लियाकत अंसारी को समस्या से अवगत कराया।
लियाकत अंसारी ने मोहल्ला कचहरी सराय और पासबान पहुंचकर स्थिति देखी। उन्होंने चेयरपर्सन को मामले से अवगत कराया। चेयरपर्सन ने पानी से वंचित परिवारों को नगर पंचायत की पेयजल पाइप लाइन से जोड़ने के लिए चार इंच व्यास की 35 फिट लंबी पेयजल पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू करा दिया। चेयरपर्सन ने बताया कि पाइप लाइन का काम पूरा होते ही जलापूर्ति की जाएगी।