नजीबाबाद। रेलवे ने कोहरे के कारण नजीबाबाद स्टेशन से गुजरने वाली कई यात्री गाड़ियों का संचालन ढाई माह के लिए रद कर दिया है, जबकि कुछ यात्री गाड़ियों का संचालन सप्ताह में एक दिन बंद रहेगा।
नजीबाबाद से गुजरने वाली जनता एक्सप्रेस का संचालन रेलवे ने तत्काल प्रभाव से 13 फरवरी तक लिए रद कर दिया है। देहरादून से वाराणसी जाने वाली 14265 अप और 14266 डाउन जनता एक्सप्रेस का संचालन कोहरे के कारण रेलवे ने दो दिसंबर से 13 फरवरी के लिए रोक दिया है। सहरसा से अमृतसर के बीच चलने वाली अप और डाउन लाइन की 15209 अप और 15210 डाउन जन सेवा एक्सप्रेस का संचालन भी 13 फरवरी तक नहीं होगा।
रेलवे ने जिन अन्य ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से रोका है उनमें स्यालदाह एक्सप्रेस, डुब्लीकेट पंजाब मेल, हरिहर एक्सप्रेस शामिल हैं। अप दिशा की स्यालदाह एक्सप्रेस 13151 बृहस्पतिवार को और डाउन दिशा की स्यालदाह एक्सप्रेस 13152 का संचालन शनिवार को रद रहेगी। अमृतसर से हावड़ा के बीच चलने वाली 13049 अप पंजाब मेल बुधवार को और डाउन दिशा की 13050 डुब्लीकेट पंजाब मेल का संचालन शुक्रवार को नहीं होगा। पंजाब मेल 13005 अप मंगलवार को और 13006 का संचालन बृहस्पतिवार को नहीं होगा। नजीबाबाद से गुजरने वाली साप्ताहिक हरिहर एक्सप्रेस का संचालन भी रेलवे ने कोहरे के कारण 13 फरवरी 2018 के लिए रोक दिया है। उधर, ऋषिकेश से बांदीकुई चलने वाली पैसेंजर ट्रेन का संचालन 10 नवंबर से 9 दिसंबर 2017 तक रद होने से यात्री परेशान थे। अब रेलवे ने कई और ट्रेनों का संचालन रोककर यात्रियों के लिए समस्या पैदा कर दी है।