नजीबाबाद(बिजनौर)। दून एक्सप्रेस ट्रेन में लगने वाला हावड़ा कोच एक वर्ष बाद भी हरिद्वार से संचालित हो रहा है। हरिद्वार से कोच का संचालन होने से नजीबाबाद और कोटद्वार के यात्रियों को रिजर्वेशन न मिलने से परेशानी हो रही है। वहीं स्टेशन अधीक्षक ने कहा कि रेलवे बोर्ड ने नजीबाबाद स्टेशन से हावड़ा कोच को काटने और जोड़ने की व्यवस्था समाप्त कर दी है।
देहरादून से हावड़ा जाने वाली ट्रेन डाउन एक्सप्रेस ट्रेन में नजीबाबाद से हावड़ा कोच लगाया जाता था। कोटद्वार से मसूरी एक्सप्रेस ट्रेन में लगने वाले हावड़ा कोच में नजीबाबाद और कोटद्वार के यात्रियों को सीधे आरक्षण सुविधा दी जाती थी। 23 जुलाई 2016 को नजीबाबाद-कोटद्वार मार्ग पर सूकरो रेल पुल के ध्वस्त होने के बाद लगभग आठ महीने तक इस मार्ग पर रेल यातायात ठप रहा। हावड़ा कोच में नजीबाबाद और कोटद्वार के आरक्षण भी स्थगित कर दिया गया था। बीते चार माह से ट्रेनों का संचालन शुरू होने के बावजूद हावड़ा कोच अभी भी दून एक्सप्रेस ट्रेन में लगाकर हरिद्वार से हावड़ा के लिए भेजा जा रहा है, जिससे नजीबाबाद और कोटद्वार के यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। दोनों क्षेत्रों के कारोबारियों और यात्रियों ने रेलवे से तत्काल हावड़ा कोच का संचालन कोटद्वार से ही कराने की मांग की है। उधर, स्टेशन अधीक्षक अजित सिंह का कहना है कि रेलवे बोर्ड ने नजीबाबाद स्टेशन से हावड़ा कोच को काटने और जोड़ने की व्यवस्था समाप्त कर दी है। अब हावड़ा कोच हरिद्वार से ही दून एक्सप्रेस ट्रेन के साथ संचालित किया जाएगा।
जीएम रेलवे को भेजूंगा पत्र : विधायक
विधायक हाजी तसलीम अहमद ने कहा कि हावड़ा कोच नजीबाबाद से ट्रेन डाउन में लगाने की व्यवस्था रेलवे बोर्ड द्वारा समाप्त किए जाने के निर्णय को क्षेत्रीय रेल यात्रियों के साथ अन्याय किया गया हैै। जल्द ही जीएम रेलवे को एक ज्ञापन भेजकर हावड़ा कोच नजीबाबाद से संचालित करने की मांग की जाएगी।