किरतपुर/बिजनौर। दो हादसों में एक वृद्धा समेत दो की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल को राहगीरों ने जिला अस्पताल भर्ती कराया। पुलिस ने वृद्धा के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
हीमपुरदीपा के गांव सलेमपुर खादर निवासी रामबहादुर (45) के रिश्तेदार जिला अस्पताल में भर्ती है। वह अपनी मां सुनीता (70) के साथ बुधवार की सुबह बाइक से जिला अस्पताल रिश्तेदारों के लिए खाना लेकर आ रहा था। कोतवाली शहर के गांव झंडापुर-बबनपुरा के बीच में उनकी बाइक के सामने माहा आ गया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और वृद्धा के गुम चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने रामबहादुर को उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, किरतपुर के गांव धर्मपुर निवासी जहीर अहमद (28) मंगलवार को अपनी बहन के गांव मोहनपुर बाइक से गया था। बुधवार की सुबह वह गांव लौट रहा था। जहीर अहमद के गांव के पास ही रेलवे फाटक है। जब वह पहुंचा तो फाटक बंद था। वह बाइक खड़ी कर ट्रेन को देखने पटरी पर पंहुच गया। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनाें ने बिना किसी कार्रवाई के लिए जहीर का शव घर ले गए। दोनों हादसों से परिवार में कोहराम मच गया।