बाहर से आए 80 मरीजों को घरों में आइसोलेट की सलाह
बिजनौर। दूसरे जिले से आए करीब 80 लोगों की थर्मल स्केनर से जांच की गई। इस दौरान इनमें से किसी भी व्यक्ति में कोरोना जैसे कोई लक्षण नहीं मिले। सभी को 14 दिन तक अपने घरों में ही रहने की सलाह दी गई।
जनपद के हजारों लोग दूसरे जिलों अथवा प्रदेशों में रहकर काम करते हैं। देश में लॉकडाउन होते ही जिले के लोगों ने अपने घरों को लौटना शुरू कर दिया है। पिछले चार-पांच दिनों से यह सिलसिला जारी है। शुक्रवार को जिला अस्पताल की आइसोलेशन ओपीडी में करीब 80 लोगों ने अपने स्वास्थ्य का परीक्षण कराया। चिकित्सकों ने थर्मल स्केनर से मरीजों की जांच कर उन्हें दवाइयां दीं। इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डा. रामकुमार के अनुसार सभी 80 मरीजों में से किसी में कोरोना के लक्षण नहीं मिले। सभी को 14 दिनों तक अपने घरों में आइसोलेट रहने की सलाह दी गई है। इस दौरान डा. रामकुमार, चीफ फार्मासिस्ट राम सिंह, वार्ड ब्वॉय कार्तिक कुमार आदि मौजूद रहे।