व्यापारियों ने की आयकर समाप्त करने की मांग
बिजनौर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में आयकर समाप्त करने की मांग की गई। बैठक में नगर बिजनौर की मुख्य व युवा कार्यकारिणी का गठन किया गया।
मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री मुकुल अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष विकास अग्रवाल ने कहा कि जीएसटी लागू होने के बाद व्यापारियों पर आयकर लगाने का कोई औचित्य नहीं है। आयकर समाप्त होना चाहिए। प्रदेश सरकार से उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड बनाने की मांग करते हुए परिवहन, सिंचाई, वाणिज्यकर, आबकारी और व्यापारियों को इसमें सदस्य बनाने को कहा गया। अतिक्रमण हटाने के नाम पर छोटे व्यापारियों का शोषण करने का आरोप लगाया गया। बैठक में रविवार, बुधवार की साप्ताहिक बंदी का विरोध किया गया। इस दौरान सीपी सिंह, सुधीर पर्सवाल, विनीत राजपूत, देवेंद्र राजपूत, सुरेंद्र कपूर आदि शामिल रहे।