ठगी के आरोपी के घर मुरादाबाद पुलिस का छापा
नगीना। शादी कराने के नाम पर ठगी करने वाले नगर के एक युवक की तलाश में मुरादाबाद पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी। मोहल्ला विश्नोई सराय निवासी प्रणव चार माह पूर्व शादी का विज्ञापन निकवालकर मुरादाबाद के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी प्रदीप के पुत्र हर्ष चौहान और उसके परिवार को अपने जाल में फंसा लिया। परिजनों के अनुसार हर्ष की शादी के लिए लड़की दिखाने की बातचीत चला दी, लेकिन लड़की दिखाने से पूर्व ही उसने बीमारी का बहाना बनाकर हर्ष की मां शर्मिला से अपने खाते में दो तीन बार में 50 हजार रुपये डलवा लिए। परेशान होकर हर्ष के परिजनों ने मुरादाबाद के सिविल लाइन थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। बुधवार को आरोपी की तलाश में मुरादाबाद सिविल लाइन थाने के एसआई रामचंद्र सिंह ने टीम के साथ आरोपी युवक के घर पर दबिश दी। मोहल्लेवासियों ने बताया कि प्रणव तो पहले से ही एक मामले में जेल में बंद है। यह सुनकर टीम को बैरंग लौटना पड़ा।
केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया
नगीना। केंद्र सरकार के सामान्य वर्ग के लोगों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा का सामान्य वर्ग के लोगों ने स्वागत किया है। इस अवसर पर सामान्य जाति के लोगों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। साहू सिनेमा के गेट के निकट सामान्य वर्ग के कृष्ण कुमार खन्ना, चंद्रशेखर कपूर, चंद्रवीर कपूर, राजीव गुप्ता, विजय अग्रवाल, प्रदीप गर्ग, सचिन अग्रवाल, रूपचंद, नीरज गुप्ता, संजीव गुप्ता, आलोक अग्रवाल, सौरभ कर्णवाल आदि ने केंद्र सरकार के फैसले पर हर्ष व्यक्त किया।