अमरोहा। गजरौला से मुरादाबाद के बीच की रेल लाइन को अपग्रेड किया जाएगा। अभी तक रेलवे ट्रैक पर अधिकतम 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रेनें दौड़ रही हैं। ट्रैक अपग्रेड होने के बाद 130 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रेनों को दौड़ाने की योजना है।
रेलवे अधिकारियों की माने तो गजरौला से मुरादाबाद के बीच की रेलवे लाइन का अपग्रेडेशन शुरू कर दिया गया है। ट्रैक पर अधिकतम 120 किलोमीटर प्रति घंटा से ट्रेनें दौड़ रही हैं। ट्रैक के अपग्रेड होने के बाद ट्रेनें 130 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ेंगी।
रेलवे ट्रेक के अपग्रेडिंग की प्रक्रिया में रेल बदलने से लेकर स्लीपर और प्वाइंट बदलने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही सिगनल और फिटिंग को भी बदलकर अपग्रेड किया जाएगा। गजरौला जंक्शन से मुरादाबाद जंक्शन तक चलने वाले अपग्रेडेशन की प्रक्रिया में बीच में पड़ने वाले काशस को भी अपग्रेड किया जाएगा।
आईओडब्ल्यू आरपी सिंह ने बताया कि रेलवे लाइन के अपग्रेडेशन का काम गजरौला में शुरू किया जा चुका है। मुरादाबाद तक अपग्रेडेशन में कितना समय लगेगा कहना मुश्किल है। जैसे-जैसे फंड आता रहेगा अपग्रेडेशन चलता रहेगा।
बिछाई जाएंगी 60 किलोग्राम की पटरी
अमरोहा। अपग्रेडेशन में सभी 52 किलोग्राम की पटरियों को बदलकर इनकी जगह 60 किलोग्राम की पटरियां बिछाई जाएंगी। 60 किलोग्राम की पटरियों के नीचे सभी स्लीपर भी बदले जाएंगे। ताकि ट्रेनें 130 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ सकें।