डा.कशिका सिंह को मिला सम्मान
धामपुर। प्रदेश की राज्यमंत्री डॉ. स्वाति सिंह ने अमर उजाला की ओर से मेरठ में आयोजित प्रथमा महिला सम्मान समारोह में धामपुर की बेटी डा. कशिका सिंह को भी मेडिकल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
डॉ. कशिका धामपुर के वरिष्ठ चिकित्सक दंपति डा. शशि सिंह और डा. गजेंद्र सिंह की इकलौती पुत्री हैं। डा. कशिका सिंह गायनोकॉलोजिस्ट एवं टेस्ट ट्यूब बेबी (आईबीएफ) क्षेत्र में एक जाना पहचाना नाम है। डा. कशिका सिंह के पति डॉ. एसके. सिंह मेरठ के निजी अस्पताल में कैंसर और लैप्रोस्कोपी सर्जन हैं। डॉ. कशिका और उनके पति महीने के पहले और तीसरे रविवार को धामपुर में रानी बाग कॉलोनी स्थित अस्पताल में मरीजों को देखते हैं। अपनी माता डॉ. शशि सिंह को अपना आदर्श मानने वाली डा. कशिका कहती हैं कि अमर उजाला ने उन्हें सम्मानित करके अपने अस्तित्व और कर्तव्यों का विशेष बोध कराया है। वह व्यवसाय के साथ जनसेवा को भी बराबर महत्व देने के विचार की अनुगामी हैं।