बिजनौर। विधायक लोकेंद्र चौहान को क्या मालूम था कि सीतापुर के पास मौत उनका इंतजार कर रही है। मंगलवार रात दस बजे तक विधायक लोकेेंद्र चौहान एक शादी समारोह में शामिल रहे। लोगों से खूब मिलेजुले और कहा कि वे सुबह लखनऊ में हो रहे इन्वेस्टर्स समिट में हिस्सा लेंगे। वे जिले के लिए एक नई सौगात लेकर लौटेंगे। रात में ही विधायक समिट में शामिल होने के लिए लखनऊ रवाना हो गए और मौत ने उन्हें लील लिया।
विधायक लोकेेंद्र चौहान मंगलवार रात नूरपुर के धामपुर रोड स्थित उत्सव मंडप में गांव शाहपुर खेड़ी निवासी हेमेंद्र प्रताप सिंह की बेटी की शादी में करीब दस बजे तक शामिल रहे। हेमेंद्र प्रताप सिंह के पुत्र नीतीश कुमार रिश्ते में लोकेंद्र सिंह के बहनोई लगते हैं। विधायक शादी में खूब घुले मिले रहे और लोगों से बातचीत करते रहे। इस दौरान उन्होंने लोगों से कहा कि वह बुधवार से लखनऊ में शुरू हो इन्वेस्टर्स समिट में हिस्सा लेंगे। इस आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है। वहां से वह जिले के लिए बड़ी सौगात लाएंगे। विधायक लोकेंद्र चौहान को क्या मालूम था कि वे इस समिट में पहुंच नहीं पाएंगे। रास्ते में ही मौत उन्हें आगोश में ले लेगी। विधायक रात में ही खुशी-खुशी रवाना हुए। कार में दोनों गनर चालक के बराबर वाली सीट पर बैठे थे। विधायक पीछे की सीट पर लेटे हुए थे। विधायक से पीछे की सीट पर पीएस तरुण चौहान बैठे थे। सीतापुर में हुए हादसे ने कार में सवार विधायक समेत पांचों की जान ले ली। गनर सीट बेल्ट नहीं बांधे हुए थे। विधायक के लेटे होने के कारण कार में लगा एयरबैग लेटे रहने के कारण काम नहीं कर पाया और गाड़ी के किसी हिस्से में जोर से टकराने से उनकी जान चली गई।