काश्तकारी के लिए मोहम्मद इनाम को मिलेगा स्टेट अवॉर्ड
बिजनौर। जिले की काष्ठकला को एक बार फिर सम्मान मिला है। स्टेट अवॉर्ड के लिए जिले के व्यापारी मोहम्मद इनाम का चयन किया गया है। मोहम्मद इनाम को यूपी दिवस पर 24 जनवरी को मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे। मोहम्मद इनाम छड़ी, घड़ी, लकड़ी के गहने व बॉक्स बनाने के लिए जाने जाते हैं।
हस्त शिल्पियों को प्रोत्साहन देने के लिए हर साल प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश भर के चुनिंदा उद्यमियों को सम्मानित किया जाता है। प्रदेश सरकार का मकसद अनेक प्रकार की कलाओं को जिंदा रखने व दूसरों को अपने जरिये रोजगार दे रहे उद्यमियों को प्रोत्साहन देना होता है। जिले के नगीना की काष्ठ कला विदेशों तक में मशहूर है। इस साल नगीना के उद्यमी मोहम्मद इनाम को स्टेट अवॉर्ड के लिए चयन किया गया है। मोहम्मद इनाम काफी समय से काष्ठ कला में दस्तकारी के काम से जुड़े हैं। उनका बनाया माल विदेशों तक में सप्लाई होता है। 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस पर मोहम्मद इनाम को सम्मानित किया जाएगा।
लकड़ी के गहनों की बहुत मांग
मोहम्मद इनाम लकड़ी के गहने, छड़ी, जहाज के हैंडिल वाली घड़ी, बॉक्स आदि बनाने के लिए जाने जाते हैं। ये सभी आइटम लग्जरी होते हैं। छड़ी को छोड़कर बाकी सब सजावट आदि में काम आते हैं। लकड़ी के गहनों की विदेशों में बहुत मांग है। उपायुक्त उद्योग अमिता वर्मा के अनुसार हस्त शिल्पियों को पूरा प्रोत्साहन दिया जा रहा है। मोहम्मद इनाम का चयन स्टेट अवॉर्ड के लिए किया गया है। काष्ठ कला के विकास के लिए शासन की ओर से कई प्रयास किए जा रहे हैं।