बिजनौर । राजस्व संग्रह अमीन संघ ने प्रांतीय संगठन के आह्वान पर अमीनों की समस्याओं को लेकर तहसील परिसर में धरना दिया और 11 सूत्री मांग पत्र तहसीलदार को सौंपा। संग्रह अमीन तीन दिन तक कार्य बहिष्कार कर धरने पर रहेंगे। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को तेज किया जाएगा।
मंगलवार को राजस्व संग्रह अमीन संघ के तहसील अध्यक्ष कावेंद्र सिंह और मंत्री दिनेश कुमार के नेतृत्व में संग्रह अमीन तहसील परिसर में एकत्रित हुए तथा धरना देकर बैठ गए। तहसील अध्यक्ष कावेंद्र सिंह ने बताया कि मांगों को लेकर तीन दिवसीय धरना शुरू किया गया है। इस दौरान संग्रह अमीन कार्य का बहिष्कार भी करेंगे। तहसीलदार को सौंपे मांग पत्र में सामयिक सेवाओं को जोड़कर सेवा और अन्य लाभ दिए जाए, संवर्ग का ग्रेड वेतन बढ़ाने, राजस्व संहिता 2006 के प्रावधानों के अनुसार मांग पूरी करने, पात्र संवर्गीय सदस्यों को पात्रता की तिथि से द्वितीय प्रोन्नति वेतनमान का लाभ देने, संवर्ग की शैक्षिक योग्यता स्नातक करने आदि मांग की गई है। े जिले के संग्रह अमीनों की समस्याओं का भी निस्तारण करने की मांग की गई है। इस मौके पर नरेंद्र कुमार, प्रवीण सिंह, ओमप्रकाश, नौबहार सिंह, ब्रहमपाल सिंह सहित कई अमीन मौजूद रहे।