मंडावली। गबन के आरोप में जेल गए ग्राम प्रधान की गैर मौजूदगी में गांव नारायणपुर रतन में सीसी रोड बना दी गई। पंचायत सचिव मौके पर निर्माण कार्य होता देख लौट गए। खंड विकास अधिकारी ने मामले से अनभिज्ञता व्यक्त करते हुए एडीओ पंचायत से जांच कराने की बात कही।
लाखों रुपये गबन के आरोप में ग्राम पंचायत नारायणपुर रतन के ग्राम प्रधान इफ्तखार को जेल गए अभी छह ही दिन हुए थे कि गांव में कुछ लोगों ने मनमाने ढंग से सीसी रोड बना डाली। शनिवार को जिस समय सीसी रोड बनाई जा रही थी, बताया जाता है कि उस समय ग्राम पंचायत सचिव प्रमोद कुुमार मौके पर पहुंचे थे। सीसी रोड निर्माण कार्य होता देेख पंचायत सचिव ने किसी तरह की पूछताछ नहीं की और लौट गए। दिनभर चले कार्य में पंचायतघर के सामने रईस के घर से बुंदू के घर तक सीसी रोड बना दी गई।
उधर, खंड विकास अधिकारी अनवर शेख ने मामले से अनभिज्ञता जताई। ग्राम प्रधान, सचिव एवं तकनीकी कर्मचारी के उपलब्ध न होने के बावजूद गांव में सीसी रोड निर्माण पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने एडीओ पंचायत से मामले की जांच कराने की बात कही। बीडीओ ने कहा कि वित्तीय अनियमितता के साथ साथ निर्माण में धांधली करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।