30 अगस्त को निरीक्षण के दौरान गैरहाजिर मिला था चिकित्सक, डीएम ने दिए थे एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर।
सीएमओ ने डीएम के आदेश को ताक पर रखते हुए निरीक्षण के दौरान गैरहाजिर मिले चिकित्सक का वेतन देने का निर्देश दिया है। निरीक्षण के दौरान गैरहाजिर मिले चिकित्सक का डीएम ने एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए थे।
30 अगस्त को जिले के सरकारी अस्पतालों का निरीक्षण किया गया था। इसमें अधिकारियों को कई चिकित्सक और स्टाफ गैरहाजिर मिला था। नजीबाबाद पीएचसी के निरीक्षण में चिकित्सक राहुल के अलावा अन्य स्टाफ गैरहाजिर मिला था। इसकी रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई थी। इस पर डीएम ने गैरहाजिर मिले चिकित्सक और स्टाफ का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए थे। मगर, सीएमओ डा.राकेश मित्तल ने डीएम जगतराज के निर्देश को अनदेखा करते हुए अकाउंट विभाग को डा. राहुल का वेतन जारी करने का निर्देश दिया है। इससे पहले प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. महेंद्र सिंह ने भी सीएमओ को भेजी अपनी जांच रिपोर्ट में बताया था कि डा. राहुल समय पर अस्पताल में नहीं आते है। समय से पहले की घर चले जाते हैं। इसके कारण मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सीएमओ डा. राकेश मित्तल ने बताया कि डा. राहुल घरेलू समस्या के कारण काफी परेशान चल रहे हैं। वह रोजाना अपने घर जाते हैं। उनकी परेशानी को देखते हुए मानवीय आधार पर उनका वेतन जारी करने के निर्देश दिए हैं।