बिजनौर। किसान दिवस में किसानों ने जिला प्रशासन के सामने जिले में बाढ़ से हुए नुकसान से किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की। किसानों ने कहा कि जिले में बारिश न पड़ने से सूखे के हालात हैं लेकिन पहाड़ों पर हो रही बारिश से किसानों के खेत कटकर गंगा में समा रहे हैं। किसानों ने जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने व बाढ़ से हुए नुकसान से किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की। किसानों का ऋण माफी का मुद्दा भी किसान दिवस में अधिकारियों के सामने उठाया गया।
विकास भवन में आयोजित किसान दिवस में जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह ने कहा कि जिले में बारिश बहुत कम हुई है। बारिश कम होने से गन्ने व धान की फसल का उत्पादन प्रभावित हो रहा है। जिले को सूूखाग्रस्त घोषित करना चाहिए। कहा कि पहाड़ों पर हो रही बारिश से जिले में बाढ़ से हालात हैं। खादर में गंगा सैकड़ों बीघा जमीन को काट चुकी है। किसानों की सुध लेने के लिए कोई भी अधिकारी नहीं गया है। उन्होंने जिन किसानों की फसल कटकर बही है, उनको फसल व जमीन की कीमत के बराबर मुआवजा मांगा। प्रदेश महासचिव ठाकुर राम अवतार सिंह ने कहा कि जिले में विद्युत व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है। किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए ट्यूबवेल चलाने को बिजली नहीं मिल रही है। जर्जर तारों को बदलने का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। किसानों ने पूरे जिले के जर्जर तारों को बदलवाने तथा देहात में विद्युत आपूर्ति बढ़ाई जाने की मांग की। किसानों ने ऋण माफी के बारे में भी अधिकारियों से मालूम किया। वक्ताओं ने कहा कि जिले में सहकारी समितियां किसानों से सात प्रतिशत ब्याज ले रहीं हैं, जबकि बाकी जिलों में तीन प्रतिशत ब्याज लिया गया है। सीडीओ डा.इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि किसानों की सूची शासन को भेजी जा रही है। बैंकों के व अन्य कर्मचारी इस काम में दिन रात लगे हैं। सीडीओ ने जर्जर तारों से जल्दी मुक्ति दिलाने की बात कही। उन्होंने पिछले किसान दिवस में आई समस्याओं के निस्तारण के बारे में भी किसानों को पूरी जानकारी दी। बैठक में उपकृषि निदेशक जेपी चौधरी, जिला कृषि अधिकारी अवधेश मिश्र, जिला पशु चिक्सिाधिकारी डा.भूपेंद्र सिंह सहित सभी विभागों के अधिकारी व भाकियू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धर्मवीर सिंह धनकड़, कुलदीप सिंह, समरपाल सिंह, धर्मवीर सिंह, अवनीश कुमार, देवदत्त शर्मा, नरदेव सिंह, धीर सिंह बालियान आदि मौजूद रहे।
भाकियू की पंचायत 21 को
भाकियू की मासिक पंचायत जिला गन्ना समिति बिजनौर कार्यालय में 21 अगस्त को सुबह दस बजे होगी। जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह के अनुसार पंचायत में किसानों की समस्याओं को उठाया जाएगा। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पंचायत में शामिल होने की अपील की है।