अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
नौगावां सादात कस्बे के बाद स्वास्थ्य अफसरों ने उझारी में एक और अल्ट्रासाउंड केंद्र पर सील लगा दी है। नौ क्लीनिक संचालकों को भी अफसरों ने नोटिस दिया है। इसमें तीन दिन के भीतर सीएमओ कार्यालय में अपनी डिग्रियां व क्लीनिक का पंजीकरण दिखाने की मोहलत दी गई है। न दिखाने पर एफआईआर दर्ज कराने को कहा गया है।
बुधवार को नोडल अधिकारी डा.दिनेश खत्री ने कस्बा उझारी स्थित उझारी डायग्नोस्टिक सेंटर पर छापा मारा। जहां पर पंजीकृत चिकित्सक मौजूद नहीं था। तकनीशियन ही वहां पर बैठकर काम कर रहा था। मसले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर दिया। इससे इलाके में खलबली मच गई। इसके बाद नोडल अधिकारी ने रहरा क्षेत्र में खुले क्लीनिक संचालकों के यहां पर छापामारी की। मौके पर कोई भी चिकित्सक उनको डिग्री व पंजीकरण संबंधी दस्तावेज नहीं दिखा सका।
उन्होंने बताया कि सभी क्लीनिक संचालकों को नोटिस भेजा गया है। तीन दिन का समय दस्तावेज दिखाने को दिया गया है। यदि नहीं दिखाएंगे तो उनके खिलाफ रिपोर्ट लिखाई जाएगी। उन्होंने बताया कि अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालक को विभाग ने पहले नोटिस भेजा था। जिसका किसी ने कोई जवाब नहीं दिया। आकस्मिक कार्रवाई में चिकित्सक मौजूद नहीं था। इसलिए केंद्र को सील किया गया है।