संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर/बेगावाला। शहजादपुर में ग्राम समाज की करीब 150 बीघा जमीन पर कब्जा करने के इरादे से 7000 पौधों को नष्ट कर दिया गया। ग्राम प्रधान की शिकायत पर राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मौका मुआयना किया और कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मोहम्मदपुर देवमल की ग्राम पंचायत शहजादपुर के ग्राम प्रधान नोशपाल सिंह ने एसडीएम को शिकायती पत्र दिया। बताया कि ग्राम पंचायत की करीब डेढ़ सौ बीघा जमीन में साल 2023-24 और 2024-25 में मनरेगा तथा कृषि विभाग की ओर से करीब 7000 पौधे लगाए गए थे।
गांव के कुछ लोगों ने उक्त जमीन पर अवैध कब्जा करने के लिए पौधों को नष्ट कर दिया और जोत दी। गांव में करीब 312 बीघा जमीन ग्राम समाज की है, जिसमें डेढ़ सौ बीघा पर दो सालों से पौधारोपण किया जा रहा था। इस साल 2380 पौधे मनरेगा के तहत लगाए गए थे, वहीं पिछले साल ढाई हजार पौधे मनरेगा के तहत लगाए गए थे जबकि 700 पौधे कृषि विभाग ने लगाए थे।
अब उन सभी पौधों को जोत दिया गया है या उखाड़ कर फेंक दिए गए हैं। ग्राम प्रधान की शिकायत के बाद एसडीएम सदर, तहसीलदार, लेखपाल और वन विभाग के रेंजर ने मौका मुआयना किया। एसडीएम ने मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही है।