तालाब में टूटकर गिरा विद्युत तार, मछलियां मरीं
किरतपुर। ग्राम शकरपुरी में एचटी लाइन का तार टूटकर तालाब में गिरने से करंट की चपेट में आकर तालाब में पल रहीं एक लाख रुपये की मछलियां तड़प तड़प कर मर गई।
ग्राम शकरपुरी निवासी यासीन ने गांव के एक छोर पर स्थित तालाब में मछली पालन कर रखा है। तालाब के ऊपर से विद्युत विभाग की हाईटेंशन तारों की विद्युत लाइन गुजर रही है। तार वर्षों पुराने हैं तथा जर्जर अवस्था में है। तारों की जर्जरता के कारण हर समय जान माल का खतरा बना हुआ है। मछली पालन कर अपने परिवार का लालन पोषण कर रहे यासीन ने बताया कि सोमवार की रात्रि में लगभग दो बजे एचटी लाइन का तार टूटकर तालाब में गिर गया। जिससे करंट की चपेट में आकर तालाब में पल रहीं मछलियां तड़प-तड़प कर मर गई। उन्होंने बताया कि मरने वाली मछलियां एक लाख रुपये की हैं। जिससे गरीब के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। ग्राम प्रधान पति शेख मोहम्मद जाहिद ने तहसील प्रशासन से आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।