फुटबाल के लिए नहीं आया एक भी खिलाड़ी
बिजनौर। खेल दिवस के अवसर पर एक से आठ अगस्त तक इलाहाबाद में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय जूनियर बालिका फुटबाल प्रतियोगिता के लिए एक भी खिलाड़ी ने ट्रायल नहीं दिया। यानी जनपद से एक भी खिलाड़ी प्रदेश स्तर की इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग नहीं कर सकेगा।
जिले में फुटबाल का क्रेज कम होता जा रहा है। बालिकाओं में तो इस खेल के प्रति रुचि काफी कम दिख रही है। पूर्व में इस खेल के प्रति लोगों को काफी मोह रहता था, लेकिन अब इससे जुड़ाव कम होता जा रहा है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है कि एक से आठ अगस्त तक इलाहाबाद में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता के लिए एक भी खिलाड़ी ने ट्रायल नहीं दिया। उप जिला क्रीड़ाधिकारी जयवीर सिंह के अनुसार फुटबाल जूनियर बालिका वर्ग का जिला स्तरीय ट्रायल नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में 25 जुलाई को दोपहर तीन बजे से होना सुनिश्चित था। इसके बाद मंडल स्तरीय ट्रायल्स स्टेडियम मुरादाबाद में 26 जुलाई को दोपहर तीन बजे होना था। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता एक से आठ अगस्त तक इलाहाबाद में आयोजित होनी है। जयवीर सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता के लिए एक भी खिलाड़ी ने ट्रायल नहीं दिया।