हर्षोल्लास से मनाया गायत्री जयंती उत्सव
नजीबाबाद । गायत्री गंगा अवतरण दिवस पर जय मां गायत्री और हर हर गंगे के जयघोष से वातावरण गूंज उठाया। गायत्री मंत्र का जाप करते हुए गायत्री साधकों ने क्षेत्र में कलश यात्रा भी निकाली। साथ ही पांच कुंडीय गायत्री यज्ञ में आहुतियां प्रदान कीं।
जयनगर स्थित गायत्री शक्तिपीठ पर गायत्री जयंती और गंगा अवतरण दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। सारिका अग्रवाल, मधुबाला गुप्ता, रिंकी सिंह, कामेश शर्मा, श्रद्धा रानी एवं पुष्पा शर्मा ने मंत्रोच्चारण के साथ पांच कुंडीय गायत्री यज्ञ संपन्न कराया। इससे पहले डॉ. एस प्रसाद ने मुख्य दीप प्रज्ज्वलित किया। सुरेंद्र सिंह, आदेश देवी, डॉ. सचिन कुमार, आशु, पूजा ने मुख्य पूजन कराया। गायत्री माता की पूजा अर्चना उपरांत शांतिकुंज प्रतिनिधि कंवर सिंह राणा ने कलश यात्रा का शुुुुभारंभ किया। पीत वस्त्रधारी महिलाओं ने शीश पर कलश धारण कर क्षेत्र का भ्रमण किया। श्रद्धालुओं ने गायत्री मंत्र का जाप करते हुए भ्रमण किया। विश्व का कल्याण हो, वृक्ष लगाओ पर्यावरण बचाओ, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वृक्ष धरा की हैं शान, एक वृक्ष दस पुत्र समान, गौ ग्राम बचाएंगे भारत सभ्य बनाएंगे... सरीखे नारों से भावविभोर किया। गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक डॉ. दीपक कुमार ने कहा कि गंगा हमारे तन को और गायत्री हमारे मन को पवित्र करती है। आयोजन में कमल शर्मा, जितेंद्र सिंह, विजय सिंह, छतरपाल सिंह, राज भटनागर, बलवीर सिंह, ओमपाल सिंह, आशा, श्रद्धा, मेघा, गरिमा, सरोज, राजीव आदि उपस्थित रहे।