मंत्री के आदेश पर हरकत में आए अफसर
बिजनौर। पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी के आदेश पर जिला पंचायत के अफसरों की टीम ने रविवार रात बैराज पर लगे बैरियर पर छापा मारकर बैरियर को हटवा दिया। बैरियर पर वाहनों की अवैध वसूली नहीं होती मिली। ठेकेदार को अफसरों ने चेताया कि अगर खनन के अलावा किसी अन्य वाहन से वसूली की गई तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिला पंचायत की ओर से मुरादाबाद निवासी चंद्रभान सिंह को पांच जून को अभिवहन शुल्क का तीन साल के लिए 70 लाख में ठेका दिया गया था। ठेके की शर्तों के मुताबिक केवल गैर राज्य से आने वाले खनन के वाहनों से ही ठेकेदार वसूली कर सकते हैं। जिले में बैराज समेत चार जगह जिले की सीमा पर ठेकेदार ने बैरियर लगाए थे। रात 12 बजे के बाद ठेकेदार खनन की जगह अन्य वाहनों से खूब अवैध वसूली कर रहा था। वसूली वाहनों की एक से दो किलोमीटर लंबी लाइन लगाकर की जाती थी। ठेकेदार व उसके लोग अवैध वसूली करने से बाज नहीं आ रहे थे। शनिवार को लखनऊ में पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी की बैठक में अवैध वसूली का मामला जोर शोर से उठा। मंत्री ने बैरियर को हटवाने के अफसरों को आदेश दिए।
रविवार की देर रात जिला पंचायत के अफसरों की टीम ने बैराज पर लगे बैरियर पर छापा मारा। टीम को रात में अवैध वसूली होती नहीं मिली। टीम ने बैराज पर लगे बैरियर को हटवा दिया है। ठेकेदार से कहा कि वह बैरियर लगाकर किसी वाहन से वसूली नहीं करेगा। खनन के वाहन को रोककर उसकी रसीद काटेगा। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी श्याम बहादुर शर्मा के मुताबिक बैराज पर लगे बैरियर को हटवा दिया गया है। ठेकेदार ने बैराज पर किस खनन के वाहन से कि कितना शुल्क वसूलना है, इसकी लिस्ट भी लगवा दी है। वह खुद अपना नंबर वहां अंकित करा आए हैं। ताकि अन्य वाहनों से वसूली हो तो उन्हें बताया जाए। अन्य लोगों से भी कहा है कि वाहनों से रात में वसूली होने पर उन्हें मोबाइल नंबर 7078415553 सूचना दी जाए। अगर वसूली हुई तो ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।