ओवरलोड वाहनों के संचालन पर लगे रोक
बिजनौर। अमन शांति जनकल्याण सोसायटी की बैठक में नगर में गन्ने से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली निकलने से एआरटीओ को जिम्मेदार ठहराया गया। इनके संचालन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है। जिलाध्यक्ष मामराज सिंह के निवास पर आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि गन्ने के ओवरलोड वाहन दुर्घटनाओं का सबब बने हुए हैं। एआरटीओ की मिलीभगत से ये ट्रॉले धड़ल्ले से चल रहे हैं। इन पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। ट्रॉली के नीचे दब कर अरुण की मौत हो गई है। उसके परिजनों को 25 लाख का मुआवजा दिया जाना चाहिए। अनिल सैनी की अध्यक्षता, सर्वेंद्र चौधरी के संचालन में आयोजित बैठक में मनोज कुमार, अमित कुमार, मामराज सिंह, नीतू, सुनील कुमार आदि ने विचार रखे।
संग्रह अमीन कर रहा है उत्पीड़न
बिजनौर। कस्बा नूरपुर के मोहल्ला इस्लामनगर निवासी रमेश कुमार ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में संग्रह अमीन पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पत्र में कहा है कि उसने बैंक से एक लाख रुपये की लिमिट बनवाई थी। लेकिन उसे 50 हजार रुपये ही मिले थे। अब संग्रह अमीन द्वारा उसकी कुर्की करने का नोटिस दिया गया है। उन्होंने मामले की जांच करा कर कार्रवाई की मांग की है।