बिजनौर। उपनिदेशक पंचायत मुरादाबाद ने विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में शिथिलता बरतने के आरोप में नजीबाबाद के एडीओ पंचायत रेशपाल सिंह को निलंबित कर दिया है। एडीओ पर प्रशासनिक आदेशों का पालन नहीं करने तथा प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान में रुचि नहीं लेने के भी आरोप हैं।
डीपीआरओ मनीष कुमार के अनुसार रेशपाल सिंह नजीबाबाद ब्लाक में एडीओ पंचायत हैं। विकास खंड में स्वच्छता अभियान के अंतर्गत 20404 के विपरीत मात्र 6428 शौचालय बनाए गए हैं। एडीओ ने विकास योजनाओं का विवरण भी अपलोड नहीं किया। इस बारे में एडीओं को कई बार आदेश दिया गया। आरोप है कि वह अधिकारियों के आदेशों की लगातार अवहेलना करते रहे। एडीओ के खिलाफ ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक को अनियमितताओं की जांच सौंपी गई थी। एडीओ जांच के लिए उपस्थित नहीं हुए हैं। ओडीएफ की बैठकों में भी गैरहाजिर रहे। कुछ ग्राम पंचायतों के वाउचरों को बिना वर्क आईडी के फीड करा दिया गया। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए उपनिदेशक पंचायत ने रेशपाल सिंह को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में रेशपाल सिंह डीपीआरओ दफ्तर में संबद्ध रहेंगे।