पांच हजार किसानों को बांटे गए ऋण मोचन योजना के सर्टिफिकेट
मिनी स्टेडियम में तीन दिवसीय अन्तोदय मेला व प्रदर्शनी का आगाज
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांग जन सशक्तिकरण मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि किसान की उन्नति के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार कार्य कर रही हैं। किसानों की खुशहाली से देश दोबारा सोने की चिड़िया बनेगा। ऋण न चुकाने में किसान असमर्थ थे। सरकार ने उनको ऋणमाफी की ऐसी सौगात दी है, जिससे वह संभलेंगे और विकास करेंगे। वह शुक्रवार दोपहर मिनी स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय अंत्योदय मेला एवं प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर व फसल ऋण मोचन योजना के तहत किसानों को ऋण माफी प्रमाण पत्र वितरण के दौरान बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय महान चिंतक थे। उन्होंने भारत की सनातन विचारधारा को युगानुकूल रूप में प्रस्तुत करते हुए देश को एकात्म मानव दर्शन जैसी प्रगतिशील विचारधारा दी। उनका मानना था कि हिंदू कोई धर्म या संप्रदाय नहीं बल्कि भारत की राष्ट्रीय संस्कृति है। भाजपा उनके ही आदर्शों पर चल रही है। केंद्र सरकार हो या फिर राज्य, दोनों की निगाहों में सभी वर्ग बराबर हैं। कर्जमाफी किसी एक जाति या धर्म के लोगों की नहीं की गई है बल्कि सभी वर्ग के लोग उसमें शामिल हैं। सरकार की सोच है कि किसान तरक्की करेगा तभी देश की तस्वीर बदलेगी और देश विकास करेगा।
इस मौके पर सांसद चौधरी कंवर सिंह तंवर ने कहा कि सरकार ने जो भी घोषणाएं कीं, वह पूरी करके दिखाईं। हर घर में बिजली की रोशनी पहुंचाने का काम केंद्र सरकार कर रही है। प्रदेश सरकार ने शहर को 24 घंटे और ग्रामीणों को 18 घंटे सप्लाई का वादा किया, जिस पर अमल हो गया है। किसानों को घर बैठे ऋणमाफी का सर्टिफिकेट दे रहे हैं। मंडलायुक्त एल.वेंकेटेश्वर लू ने कहा कि देश के विकास में सभी लोगों का योगदान जरूरी है। आपसी नफरत व मतभेद भुलाकर सभी लोग एक दूसरे का सहयोग करें, जिससे जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर चमके। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने लोगों को हर समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया। एसपी ने क्राइम कंट्रोल करने में लोगों से सहयोग मांगा।
हसनपुर के बीजेपी विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी व धनौरा विधायक राजीव तरारा ने लोगों को सरकार के 100 दिन के कार्यों की जानकारी दी। इससे पहले प्रभारी मंत्री ने फीता काटकर व पं.दीन दयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलित कर मेला एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर सबको चकित कर दिया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी महमूद आलम अंसारी, मुख्य विकास अधिकारी चंद्रपाल सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी संजय कुमार जैन, एसडीएम सदर यशवर्धन श्रीवास्तव के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष ऋषिपाल नागर, नगर अध्यक्ष राकेश वर्मा, समाजसेवी नबी हुसैन व सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डा.नरेंद्र सिंह ने किया।
पांच हजार किसानों को बांटे प्रमाण पत्र
फसल ऋण मोचन योजना के दायरे में आए पांच हजार किसानों को मिनी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ऋण माफी के प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा कार्यक्रम में मौजूद किसानों व लोगों को पं. दीन दयाल उपाध्याय के जीवन से संबंधित सबका साथ, सबका विकास नामक पुस्तिका एवं कलेंडर, फसल ऋण मोचन योजना के पोस्टर व फोल्डर निशुल्क वितरित किया गया। पं.दीनदयाल उपाध्याय के जन्मशती के उपलक्ष्य में सूचना विभाग द्वारा प्रभारी मंत्री, सांसद, धनौरा व हसनपुर विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
इस मौके पर हथरकघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग, कृषि विभाग गन्ना विभाग, पशुपालन विभाग, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, मुरादाबाद दुग्ध उत्पादक, सहकारी संघ, परिक्षेत्र-अमरोहा, सहकारिता विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जिला पंचायती राज विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, श्रम विभाग, मनरेगा, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, नगर विकास, डूडा, नेडा, जिला समाज कल्याण विभाग, जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण, महिला कल्याण विभाग एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग, वन विभाग, सिंडीकेट बैंक, प्रथमा बैंक, पंजाब नेशनल बैंक आदि ने स्टाल लगाए।
मेला एवं प्रदर्शनी को लेकर पुलिस व प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए। सुबह ही मैदान छावनी में तब्दील हो गया। सड़कों के अतिक्रमण को पुलिस ने हटवा दिया। ई-रिक्शा, आटो रिक्शा व भारी वाहनों की आवाजाही मार्ग पर बंद कर दी गई। प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल व पुलिस कप्तान संतोष कुमार मिश्रा के कार्य की सराहना की।
..