बस तेजी के साथ रही थी दौड़
गंज दारानगर। विदुरकुटी के पास बाइक व रोडवेज बस की भिड़ंत बस चालक व परिचालक की लापरवाही के कारण हुई है। चालक तेजी से बस चला रहा था और उसी दौरान परिचालक से बातें भी कर रहा था।
बस में सवार यात्रियों के मुताबिक बस तेजी के साथ दौड़ ही रही थी । चालक और परिचालक भी आपस में खूब बातचीत कर रहे थे। दोनों बातों में इतने मस्त थे कि उन्हें किसी से कोई लेना देना नहीं था। हादसे के बाद बस के यात्री नीचे उतर कर आए और मृतकों को देखा। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी की बाइक के परखच्चे उड़ गए। बस में सवार किसी को कोई चोट नहीं आई। सब सही सलामत निकले। मौके पर जमा भीड़ मृतकों की पहचान करने में जुट गई पर पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने बिजनौर से क्रेन मंगवाई । बिजनौर से क्रेन के आने का इंतजार होता रहा। क्रेन आते ही शवों को बाहर निकाला गया। शवों को बाहर निकालते ही पुलिस शवों को बिजनौर की ओर लेकर दौड़ पड़ी । शवों को देख मौके पर मौजूद हर किसी का कलेजा भर आया। बच्चे के शवों को देख लोग अपने आंसू नहीं रोक पाए। बाइक पर सवार सभी लोग चांदपुर की ओर से आ रहे थे। हादसे के बाद बस के यात्रियों के साथ अन्य लोग भी चालक परिचालक को कोस रहे थे। लोगों में चालक परिचालक को लेकर बेहद गुस्सा था। पर वे भीड़ के हाथ नहीं आए।