नजीबाबाद । तीन दिन से बिजली संकट झेल रहे उपभोक्ताओं ने नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर विद्युत निगम अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। एसडीओ विद्युत ने जल्द व्यवस्था में सुधार का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
जिला पंचायत निरीक्षण भवन के निकट रखे ट्रांसफार्मर से मोहल्ला मकबरा के घने आबादी क्षेत्र को बिजली मुहैया कराई जाती है। विद्युत व्यवस्था चरमराने के विरोध में मकबरा क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने शनिवार दोपहर करीब तीन बजे नजीबाबाद-कोटद्वार हाईवे पर पहुंचकर जाम लगा दिया और विद्युत निगम के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। हाईवे पर जाम और प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस बल और एसडीओ विद्युत विकास कुमार मौके पर पहुंच गए। उपभोक्ताओं का आरोप था कि सूचना देने के बावजूद किसी अधिकारी और कर्मचारी ने समस्या का निराकरण करना गंवारा नहीं किया। एसडीओ ने तकनीकी रूप से खराब एबीसी कंडक्टर वायर को तुरंत बदलवाने का आश्वासन देते हुए विद्युत आपूर्ति जल्द सुचारु कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद हाईवे का जाम खोला गया। प्रदर्शनकारियों में आशीष, ओमवीर, सत्यप्रकाश, अर्जुन, मिंटू, संदीप, सुरजीत, अंकित, ब्रिजेशी, सुधा, बबीता सहित कई लोग शामिल थे।