600 महिलाएं तैयार करेंगी गन्ने के बीज की नवीन नर्सरी
धामपुर। गन्ना विभाग की ओर से नारी सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत 22 महिला समूहों में शामिल करीब 600 महिलाएं फरवरी के प्रथम सप्ताह से गन्ने की बीज की नवीन नर्सरी को तैैयार करने का काम करेंगी। विभाग की ओर से सरकार की योजना के तहत रोजगार देकर उन्हें आर्थिक तौर पर मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है। वसंत कालीन गन्ने की बुआई के लिए महिलाओं की ओर से जो सिंगल चिप और बड चिप विधि से नर्सरी तैयार की गई तो उस नर्सरी के बीज की बिक्री हो चुकी है।
ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अमित कुमार पांडेय ने बताया कि धामपुर परिक्षेत्र में 22 स्वयं सहायता समूहों में शामिल 600 महिलाएं योजना के तहत गन्ना विभाग में नर्सरी को तैयार करने का काम कर रही है। यह सभी महिलाएं पूरी तरह से प्रशिक्षित है। इन महिलाओं से गन्ना विभाग दो प्रकार की नर्सरी तैयार कर रहा है। सिंगल बड नर्सरी और बड चिप विधि से नर्सरी। सिंगल बड चिप से तैयार होने वाली पौध के बदले उन्हें 1.30 पैसे के हिसाब से विभाग की ओर से भुगतान किया जाता है। जबकि बड चिप विधि गन्ना विभाग की नई तकनीकी है। जिसके आधार पर एकल आंख के माध्यम से गन्ने की नर्सरी को तैयार किया जाता है। इस विधि से तैयार होने वाली प्रति पौध का 1.50 पैसे के हिसाब से महिला को भुगतान किया जाता है। करीब 20 हेक्टेयर से अधिक कृषि क्षेत्रफल में नर्सरी के बीज से गन्ने की बुवाई की जा चुकी है। अब नई नर्सरी जनवरी के अंत और फरवरी के प्रथम सप्ताह में इन महिलाओं के माध्यम से तैयार कराई जाएगी।
और भी अन्य महिलाएं समूह बना काम शुरू कर सकती है
ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अमित कुमार पांडेय ने बताया कि यदि क्षेत्र की अन्य महिलाएं भी समूह तैयार काम करना चाहती है। तो उनके लिए विकल्प खुला है। वह गन्ना समिति या गन्ना परिषद में अधिकारियों से संपर्क कर पंजीकरण कराने के बाद काम शुरू कर सकती है।