जिले में 58 और कोरोना केस मिले
बिजनौर। पिछले एक सप्ताह ने जनपद बिजनौर को काफी सुकून दिया है। जिले में केवल 13 मई को ही 201 कोरोना संक्रमित केस मिले थे। इसके अलावा 16, 19 और 20 मई को कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 100 से भी नीचे ही रहा, जिससे सभी ने राहत की सांस ली। बृहस्पतिवार को जिले में 58 नए केस मिले।
एक माह से लगातार सैकड़ों की संख्या में रोजाना कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे थे। अभी तक सर्वाधिक संक्रमित मरीज मिलने की संख्या 796 तक पहुंच गई थी। पूरे माह कोरोना का यही आलम रहा। रोजाना हो रही कोरोना संक्रमित मरीजों की वृद्घि से हर कोई परेशान हो गया था। पिछला एक सप्ताह राहत भरा रहा। अब केस 200 से कम जा रहे हैं। कोरोना के नोडल अधिकारी डा. पीआर नायर बताते हैं कि अब कोरोना संक्रमित मरीज कम संख्या में मिलना सभी के लिए राहत भरी बात है। इस सप्ताह में लोगों ने काफी समझदारी दिखाते हुए अपने घरों में रहने में ही भलाई समझी, जिससे कोरोना संक्रमित मरीज मिलने की संख्या में अच्छी खासी कमी आई।
बृहस्पतिवार को 2123 जांच, 58 में संक्रमण की पुष्टि
बिजनौर। कोविड-19 के नोडल अधिकारी डा. पीआर नायर के अनुसार गुरुवार को प्राप्त हुई कुल 2123 जांच रिपोर्ट में से 58 मरीज कोरोना पॉजिटिव मिले, जबकि 2065 में कोरोना संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई। उन्होंने बताया कि गुरुवार को कुल 1630 लोगों की कोरोना जांच की गई। अभी 1701 जांच रिपोर्ट का इंतजार है। कोरोना से स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में दो नई मौत दर्शायी गई हैं।
दिनांक संक्रमित केस
13 मई 201
14 मई 176
15 मई 169
16 मई 57
17 मई 160
18 मई 112
19 मई 65
20 मई 58
नोट-:आंकड़े सीएमओ कार्यालय से लिये गए हैं।