चीनी मिल कर्मचारियों को नहीं मिल रहा वेतन
नजीबाबाद। किसान सहकारी चीनी मिल परिसर में स्थित जिला सहकारी बैंक में कनेक्टिविटी न आने से बैंक का कामकाज ठप है। चीनी मिल कर्मचारी पांच जून 2018 से वेतन के लिए बैंक के चक्कर काट रहे हैं। बैंक की अव्यवस्था को लेकर चीनी मिल कर्मचारियों ने बुधवार को चीनी मिल बैंक शाखा के सामने प्रदर्शन किया।
किसान सहकारी चीनी मिल नजीबाबाद के कर्मचारियों को चीनी मिल परिसर में स्थित जिला सहकारी बैंक की शाखा से वेतन मिलता है। वेतन वितरण के समय से बैंक की ऑनलाइन पेमेंट व्यवस्था ठप है। बैंक कर्मचारियों संजीव कुमार, मोहम्मद समी, महीपाल सिंह, नफीस खां, पूरन सिंह, मोहम्मद शाहिद ने बैंक शाखा के समक्ष प्रदर्शन किया। चीनी मिल कर्मचारियों का कहना था कि ईद का त्योहार नजदीक होने के कारण कर्मचारी वेतन लेने के लिए रोजाना शाखा के चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन बैंक कनेक्टिविटी ठप होने की बात कहकर चुप्पी साध लेता है। चीनी मिल कर्मचारी नेता शराफत हुसैन ने बैंक की लापरवाही से कनेक्टिविटी फेल होने का आरोप लगाया। उधर, शाखा के प्रबंधक अर्जुन सिंह का कहना है कि ऑनलाइन वेतन वितरण की व्यवस्था होने के कारण बैंक कर्मचारी कनेक्टिविटी आने की प्रतीक्षा करते हैं।