खस्ताहाल मार्ग और पेयजल बनेगा समस्या
नजीबाबाद। जोगीरम्पुरी की चार रोजा सालाना मजलिस शुरू होने में एक पखवाड़े से भी कम का समय है। जायरीनों की सुविधाओं के लिए लोनिवि, जल निगम एवं वन विभाग की उदासीनता से दरगाह कमेटी परेशान है। दरगाह कमेटी सचिव ने जिला प्रशासन से खस्ताहाल संपर्क मार्ग सहित अन्य व्यवस्थाएं पूरा कराने की मांग की है।
दरगाह-ए-आलिया नजफ-ए-हिंद जोगीरम्पुरी के सचिव विसाल मेहंदी ने लोनिवि और जल निगम की उदासीनता पर नाराजगी व्यक्त की। जिला प्रशासन ने जोगीरम्पुरी आवागमन के दो किलोमीटर खस्ताहाल संपर्क मार्ग को बनवाने के लोनिवि को निर्देश दिए थे। लोनिवि ने अभी तक मात्र मिट्टी से गड्ढा भरने का काम किया है। दरगाह कमेटी के सचिव ने बताया कि 10 मई से चार रोजा सालाना मजलिसें शुरू होंगी। एक सप्ताह भीतर दरगाह परिसर तंबुओं के शहर में तब्दील हो जायेगा। जायरीनों को धूल भरे खतरनाक मार्ग से आवागमन के लिए विवश होना पड़ेगा। उन्होंने दरगाह परिसर में कई इंडिया मार्क टू हैंड पंपों द्वारा दूषित पानी देने के बावजूद जल निगम द्वारा हैंड पंप रिबोर न कराने पर रोष व्यक्त किया।
दरगाह कमेटी सचिव ने बताया कि दरगाह परिसर को सप्लाई देने वाले बिजली घर से दरगाह तक विद्युत लाइन के आसपास पेड़ों की छंटाई नहीं की गई। सचिव ने जिला प्रशासन से लापरवाह विभागों से तत्काल कार्रवाई कराने की मांग की है। सचिव ने बताया कि केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी द्वारा एनएफडीसी की 40 लाख रुपये की धनराशि से बनाए जा रहे 25 शौचालय इस सप्ताह तैैयार हो जाएंगे।