बिजली विभाग के कर्मचारियों पर अवैध वसूली का आरोप लगाकर मोहल्ला दानिश मंदान के वाशिंदों ने एक्सईएन का घेराव कर लिया। विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा किया। हंगामे को लेकर कर्मचारियों व गुस्साए लोगों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। आक्रोश जताते हुए उन्होंने अवैध वसूली बंद न होने पर धरने पर बैठने की चेतावनी दी है।
रविवार को बिजली विभाग के कारिंदों ने विशेष अभियान चलाया था। शहर में कई टीमों ने गहनता से बिजली चेकिंग की। जिससे नाराज मोहल्ला दानिश मंदान के लोग एकत्र होकर एक्सईएन कार्यालय पहुंच गए। यहां बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। दूसरी मंजिल पर जाकर एक्सईएन का घेराव कर आरोप लगाया कि बिजली विभाग के कर्मचारी कुछ दलालों के साथ मिलकर अवैध वसूली कर रहे हैं। कर्मचारी मीटर बदलने और घर के बाहर लगाने की एवज में पांच से दस हजार रुपये वसूल रहे हैं। इतना ही नहीं कर्मचारी परिवार के लोगों को हड़काकर पैसे नहीं देने पर बिजली चोरी के केस में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। जिसके पर एक्सईएन ने कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर भीड़ का गुस्सा शांत किया। इस दौरान शबनम, वसीमा, शहाना, मलका, कौसर, मोहम्मद आफताब, शहर बानो, महजाबीन, मंसूर अहमद आदि मौजूद रहे।