सीनियर सिटीजन को फ्री मेडिकल
बिजनौर। एक फरवरी को केंद्र सरकार अपने कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट पेश करेगी। बजट को लेकर हर वर्ग की अलग अलग अपेक्षाएं हैं। सीनियर सिटीजन भी बजट से कई आस लगाए हैं। सरकार इन्हें क्या तोहफा देगी, यह तो बजट की घोषणा के बाद ही पता चलेगा, लेकिन बजट से जुड़ी आस को लेकर सीनियर सिटीजन खुलकर बोल रहे हैं।
सेवानिवृत्त कर्मचारी तुलाराम शर्मा के अनुसार विदेशों में वरिष्ठ नागरिकों को सरकार द्वारा बहुत कम खर्च पर देशाटन कराया जाता है। वरिष्ठ नागरिकों का इससे मन भी बहलता है और दूसरे देशों से जुड़ा ज्ञान भी मिलता है। यह ज्ञान वे अपने परिवार अपने देश में फैलाते हैं। केंद्र सरकार को अपने देश के नागरिकों के लिए भी ऐसी कोई घोषणा करनी चाहिए। आयकर सीमा में भी छूट मिले। शिक्षा क्षेत्र में राष्ट्रपति पदक से सम्मानित जीजीआईसी की पूर्व उपप्रधानाचार्या निगहत परवीन के मुताबिक वरिष्ठ नागरिकों को बैंकों से मिलने वाले ब्याज पर बढ़ोतरी होनी चाहािए। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों को फ्री मेडिकल की सुविधा भी मिलनी चाहिए। वर्धमान कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डा.जीआर गुप्ता के अनुसार वरिष्ठ नागरिकों की आयकर सीमा साढ़े तीन लाख रुपये है। यह बढ़कर कम से कम पांच लाख रुपये होनी चाहिए। वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं की भी घोषणा होनी चाहिए।