बिजनौर। जिला स्तरीय समिति ने रानी लक्ष्मीबाई योजना के प्रकरणों की सुनवाई की। थाना हीमपुर दीपा के दहेज हत्या के एक मामले का आर्थिक मदद के लिए चयन हुआ। प्रकरण को मंजूरी के लिए राज्य अनुश्रवण समिति लखनऊ के पास भेजा गया है।
जिला अल्पसंख्यक अधिकारी व जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रवीण कुमार मिश्र के अनुसार शासन की रानी लक्ष्मीबाई योजना में पारिवारिक हिंसा से पीड़ित पक्ष को आर्थिक मदद दी जाती है। जिले के विभिन्न थानों से योजना में नौ मामले समिति के समक्ष आए। डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति ने प्रकरणों पर बिंदुवार चर्चा की है। आठ मामलों को आर्थिक मदद के लिए उपयुक्त नहीं माना गया। थाना हीमपुर दीपा के गांव कम्मापुर निवासी साजिया का दहेज हत्या के अंतर्गत दर्ज मामला आर्थिक मदद के लिए उपयुक्त माना गया है। पीड़ित को तीन लाख रुपये की आर्थिक मदद दी मिलेगी। इसके लिए पीड़ित के पुत्र अमन व पुत्री नेहा का खाता बैंक में विभाग की ओर से खुलवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बैठक में एसपी सिटी डॉ. दिनेश सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रवीण कुमार मिश्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी समेत समिति के 12 सदस्य मौजूद रहे।