अमर उजाला ब्यूरो
कासमपुरगढ़ी । सीरवासुचंद गांव में बुखार से एक युवक की मौत हो गई। दो दिन में बुखार से दो व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। ग्रामीणाें ने स्वास्थ्य विभाग से बीमार लोगों का परीक्षण कर गांव में ही उनका उपचार कराने की मांग की है। उधर, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रजनीश कुमार का कहना है कि क्षेत्र में वायरल बुखार फैला है।
ग्राम सीरवासुचंद निवासी मो. इरफान रिक्शा चला कर परिवार की आजीविका चलाता था। जान गंवाने वाले के पिता शेर मोहम्मद ने बताया कि दो दिन से मो. इरफान (35) को बुखार आ रहा था। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य कासमपुरगढ़ी में उपचार कराया जा रहा था। उसके सिर में तेज दर्द था। सरकारी अस्पताल का उपचार कराने के बाद उसे निजी चिकित्सक के यहां उपचार के लिए ले गए, जहां पर शनिवार को इरफान ने दम तोड़ दिया। उसके दो बच्चे हैं। इससे दो दिन पहले गांव के घसीटा पुत्र मोहन (45) और रमजानी (70) की भी बुखार से मौत हो चुकी है।